समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को एक बार फिर जेल जाना पड़ा है. प्रवर्तन निदेशालय की चार दिन की हिरासत समाप्त होने के बाद सोमवार सुबह उन्हें गाजियाबाद स्थित विशेष PMLA अदालत में पेश किया गया. मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला सुनाया. इसके बाद आजम खान को डासना जेल भेज दिया गया. जौहर ट्रस्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अब अगली सुनवाई 26 नवंबर को निर्धारित की गई है. इस फैसले के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं. आजम खान जौहर ट्रस्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में थे. ईडी ने 31 अक्टूबर की शाम उन्हें रामपुर जेल से रिहा होने के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद 12 नवंबर की शाम से उन्हें पूछताछ के लिए ईडी की कस्टडी में रखा गया. जांच एजेंसी ने इस मामले में चार दिनों तक उनसे पूछताछ की. निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद सोमवार को उन्हें गाजियाबाद की विशेष PMLA अदालत में पेश किया गया. अदालत ने सुनवाई के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेजने का आदेश दिया. आजम खान ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जमानत पाने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. गुरुवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने उनकी याचिका पर सुनवाई की. हालांकि, शीर्ष अदालत ने मामले में सीधे हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया और इसे इलाहाबाद हाईकोर्ट भेज दिया. सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से आग्रह किया था कि याचिका को 16 नवंबर को डिवीजन बेंच के सामने सुनवाई के लिए रखा जाए. साथ ही उसी दिन अंतरिम आदेश पारित करने का निर्देश भी दिया था. सुप्रीम कोर्ट में आजम खान की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने पक्ष रखा था. सुनवाई के दौरान उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए गिरफ्तारी के समय को लेकर आपत्ति जताई थी. सिब्बल ने दलील दी थी कि आजम खान की रामपुर जेल से रिहाई होने वाली थी और ठीक उसी समय उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने अपने मुवक्किल की ओर से कहा था कि उन्हें चुनाव के दौरान जेल में रखने की कोशिश की जा रही है. अब जमानत याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है.

