उत्तर प्रदेश l मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों किताब-कॉपी, बैग, स्टेशनरी किट पाकर नौनिहालों के चेहरे खिल उठे. मुख्यमंत्री ने बच्चों से पूछा कि स्कूल आओगे, इस पर सभी बच्चों ने मुस्कुराकर स्कूल आने का वादा किया. इससे पहले मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों के नवाचार को भी जाना. सीएम ने मंच से प्रदर्शनी में शामिल बच्चों के आत्मविश्वास की भी सराहना की. परिषदीय विद्यालयों की बच्चियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की. सीएम ने प्रदर्शनी स्थल और मंच पर बच्चों से संवाद किया तथा उन्हें चॉकलेट भी दीं. कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री योगी ने बच्चों को अपने हाथ से भोजन परोसा. इसमें प्रदेश सरकार के मंत्रियों व अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सीएम योगी का साथ दिया. बच्चों ने भोजन ग्रहण करने से पहले मंत्रपाठ किया. प्रदेश के मुखिया को अपने लिए भोजन परोसते देखकर बच्चे आह्लादित हो उठे. कार्यक्रम के बाद सीएम योगी क्लासरूम पहुंच गए. उन्होंने यहां एक-एक कर सभी बच्चों से नाम पूछा और उनसे बातचीत की. बच्चे भी सीएम को अपने बीच पाकर खुशी से उनसे बातचीत करते रहे. बच्चों ने सीएम के प्रश्नों के बालसुलभ निश्छल उत्तर दिए तो सभी खिलखिला उठे. मुख्यमंत्री ने बच्चों की प्रशंसा कर उनका उत्साह बढ़ाया और उन्हें चॉकलेट भी दीं. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आए नन्हे-मुन्नों का अन्नप्राशन भी कराया. विपरीत मौसम के कारण क्लास रूम में ही यह आयोजन किया गया. सीएम योगी ने बच्चों को चंदन/टीका लगाकर खीर खिलाई और उपहारस्वरूप उन्हें खिलौने भी दिए. जिन बच्चों का अन्नप्राशन हुआ, वे सीएम की गोद में भी खेले.
