गोरखपुर में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने जा रही है. गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 नवंबर को 502 करोड़ रुपये की 104 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. वहीं, इस मौके पर पांच प्रमुख कंपनियों के साथ 17,650 करोड़ रुपये के निवेश के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे. इससे पूर्वांचल में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. गीडा में होने वाला यह निवेश हरित ऊर्जा, दवा निर्माण, धातु प्रसंस्करण, आसवनी और मत्स्य आहार उत्पादन जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा. इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी. पूर्वांचल के औद्योगिक कायाकल्प की धुरी बन चुके गीडा में इतने बड़े निवेश को क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और औद्योगिक इकाइयों की संख्या में भी इजाफा होगा. गीडा के 37वें स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे. कार्यक्रम के दौरान पांच नई निवेश परियोजनाओं के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे. गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल कुमार ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह में 17,650 करोड़ रुपये के निवेश के लिए पांच नए एमओयू किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से गीडा विकास के नए दौर में प्रवेश करेगा. कभी औद्योगिक पिछड़ेपन और बंद पड़ी इकाइयों की समस्या से जूझने वाला गीडा अब निवेशकों की पसंद बन रहा है. पिछले एक दशक में यहां औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आई है. गीडा के सीईओ विशाल कुमार के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन और राज्य सरकार की पारदर्शी औद्योगिक नीतियों से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है. यही वजह है कि बड़े कॉरपोरेट घराने गोरखपुर में अपनी औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए आगे आ रहे हैं. गीडा में पिछले कुछ वर्षों के दौरान कई प्रमुख कंपनियों ने अपने अत्याधुनिक प्लांट स्थापित किए हैं. इनमें पेप्सिको, केयान डिस्टिलरीज, ज्ञान डेयरी और तत्वा प्लास्टिक्स जैसी कंपनियां शामिल हैं. इन इकाइयों में उत्पादन भी शुरू हो चुका है. इसके अलावा गीडा में कोका कोला की यूनिट स्थापित की जा रही है. प्लास्टिक पार्क और फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाएं भी आकार ले चुकी हैं. इन परियोजनाओं से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को कारोबार बढ़ाने के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 502 करोड़ रुपये की 104 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. इन परियोजनाओं में सिविल और विद्युत से जुड़े बुनियादी ढांचे के कार्य शामिल हैं. इन विकास कार्यों के पूरा होने से गीडा और धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा. इसके तहत चौड़ी सड़कों का निर्माण और विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाने जैसे कार्य किए जाएंगे.गीडा और धुरियापार में सड़क और बिजली जैसी सुविधाओं के विस्तार से औद्योगिक इकाइयों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी. इससे नए उद्योगों की स्थापना और मौजूदा इकाइयों के संचालन में मदद मिलेगी. 502 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं और 17,650 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के साथ गीडा पूर्वांचल के औद्योगिक विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की तैयारी में है.

