उत्तर प्रदेश l उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है. अगस्त का आखिरी दिन यानी 30 अगस्त भी बारिश के नाम रहने वाला है. मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. चित्रकूट, प्रयागराज, गाजीपुर, अयोध्या समेत कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है. वहीं, पश्चिमी यूपी में भी कुछ जगहों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. हालांकि, यहां के लिए मौसम विभाग ने कोई खास चेतावनी जारी नहीं की है. मानसून की विदाई का समय धीरे-धीरे करीब आ रहा है, लेकिन फिलहाल इसकी रफ्तार कम होती नजर नहीं आ रही. मौसम विभाग के मुताबिक, 30 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून ज्यादा सक्रिय रह सकता है. ऐसे में कई इलाकों में बारिश का दौर देखने को मिलेगा. कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है. आईएमडी के मुताबिक, 30 अगस्त को पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है. लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बस्ती, अयोध्या, सुल्तानपुर, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, चित्रकूट, प्रयागराज, जौनपुर और गाजीपुर में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है. वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज के लिए मौसम विभाग की ओर से कोई खास चेतावनी नहीं है. हालांकि, यहां भी कई जगहों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. मौसम विभाग ने 31 अगस्त के लिए केवल सोनभद्र में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. यानी इस दिन प्रदेश के बाकी हिस्सों में भारी बारिश को लेकर कोई खास चेतावनी नहीं दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार, 1 सितंबर को भी यूपी के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. इस दिन सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज, चित्रकूट, कौशांबी, जौनपुर, संत रविदास नगर, वाराणसी और चंदौली में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. कुल मिलाकर, यूपी में मानसून अभी पूरी तरह थमा नहीं है. खासकर पूर्वी हिस्सों में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है.
