उत्तर प्रदेश l उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. इसी बीच एआईएमआईएम के प्रदेश महासचिव मोहम्मद शमीम खान ने समाजवादी पार्टी और भाजपा पर निशाना साधते हुए दोनों दलों के बीच कथित राजनीतिक समझौते का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि भाजपा और सपा की साठगांठ को समझना हर किसी के बस की बात नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि एआईएमआईएम को ‘बी टीम’ बताकर दोनों दल अपनी कथित सेटिंग-गेटिंग पर पर्दा डालने की कोशिश करते हैं. शमीम खान ने कहा कि उनकी पार्टी पर लगाए जाने वाले आरोपों का कोई ठोस आधार नहीं है. एआईएमआईएम प्रदेश महासचिव ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से अब तक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के खिलाफ कौन सी बड़ी कार्रवाई हुई, यह जनता को बताया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि दोनों दल सार्वजनिक मंचों से एक-दूसरे पर हमला करते हैं, लेकिन राजनीतिक स्तर पर इनके बीच अलग समीकरण दिखाई देता है. मोहम्मद शमीम खान ने कहा कि एआईएमआईएम आगामी विधानसभा चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगी. पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को लेकर लगातार काम किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पार्टी प्रदेश की करीब 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने को लेकर मंथन कर रही है. हालांकि अंतिम फैसला पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश के बाद लिया जाएगा. शमीम खान ने कहा कि एआईएमआईएम प्रदेश की राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने के लिए जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी. उन्होंने दावा किया कि पार्टी की रणनीति आने वाले दिनों में राष्ट्रीय नेतृत्व के फैसले के आधार पर तय की जाएगी. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं. भाजपा और सपा के बीच मुकाबले के साथ अब एआईएमआईएम भी अपनी चुनावी जमीन मजबूत करने में जुट गई है.

By SANOOJ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *